संवाद न्यूज एजेंसी
अजीतमल। कस्बे में आयोजित दंगल में दूसरे दिन पहलवानों के दांव पेंच देखने को हुजूम उमड़ा। आगरा के शमशेर पहलवान ने सबसे अधिक बोली की कुश्ती जीतकर परचम लहराया।
प्रतिवर्ष अटसू कस्बे में ऐतिहासिक दंगल का आयोजन किया जाता है। इसमें स्थानीय प्रदेश के अलावा राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा आदि प्रदेशों के पहलवान भी आकर अपने दांव दिखाते हैं। रविवार को आयोजित दंगल देर शाम तक चलता रहा। शुरुआत नगर पंचायत अध्यक्ष पति स्वदेश पोरवाल, मुख्य अतिथि औरैया नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता, बकेवर नगर पंचायत अध्यक्ष गणेश शंकर अधिशासी अधिकारी विजय कुमार सिंह के साथ दीप प्रज्वलित कर किया।
दिल्ली से आए श्याम ने टुंडला से आए होशियार सिंह को पटकनी देकर चार हजार रुपए की बाजी जीत ली। वहीं मैनपुरी, कानपुर, आगरा, राजस्थान, औरैया, इटावा, जालौन आदि जनपदों से आए पहलवानों ने कुश्ती में लोगों को शाम तक डटे रहने को मजबूर कर दिया। तालियों की गड़गड़ाहट भी पहलवानों का उत्साह वर्धन करती रही। सबसे अधिक बोली से 11500 रुपए की कुश्ती रही।
क्षेत्रीय लोगों की भीड़ देर शाम तक दंगल देखने के लिए डटी रही। इस दौरान दाऊद अख्तर, शिवम, आशीष राजपूत, दीपचंद, सौरभ, आदि समिति की ओर से व्यवस्था संभालने में रहे।