जली हुई दुकान व सामान को देखती पुलिस
- फोटो : amar ujala beuro
इटावा रोड पर स्थित शू स्टोर में मंगलवार रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग से शू स्टोर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटों ने दूसरी मंजिल पर स्थित सर्राफा की दुकान को भी चपेट में ले लिया। फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया।
होमगंज निवासी बलवीर पुत्र हरीराम पहाड़िया की मुरादगंज में इटावा रोड पर तीन मंजिला मकान है। इसमें वह नीचे शू स्टोर और ऊपर सर्राफा की दुकान किये हैं। मंगलवार शाम वह दुकान बंद करके घर चले गए थे। रात दो बजे अज्ञात कारणों से उसके शो रूम में आग लग गई। आग ने सर्राफा की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। पड़ोसियों की सूचना पर दुकान मालिक मौके पर पहुंचा।
लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हालांकि दमकल के आने से पहले ही लोगों ने आग पर काबू पा लिया। कई व्यापारियों ने रंजिश में आग लगाने का आरोप लगाकर बाजार बंद करने की भी चेतावनी दी। व्यापारियों की चेतावनी पर मौके पर पुलिस बल भी मुस्तैद हो गया। हालांकि पीड़ित ने किसी पर भी आरोप नही लगाया है। कोतवाली प्रभारी डीपी सिंह ने बताया कि पीड़ित ने अज्ञात कारणों से आग लगने की तहरीर दी है।
मोहनपुर में आग से 50 हजार का नुकसान
कंचौसी गांव के मजरा मोहनपुर में खाना बनाते समय छप्पर में आग लगने से नगदी समेत 50 हजार रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। प्रधान व लेखपाल ने मौके पर पहुंच पीड़ित को मदद दिलाने का आश्वासन दिया। कंचौसी के मजरा मोहनपुर निवासी कृष्णा देवी पत्नी राम प्रसाद वाल्मीकि रात में खाना बना रही थीं। तभी चूल्हे की चिंगारी से छप्पर सुलग उठा। आग बढ़ती देख ग्रामीणों दौड़ पड़े और आग बुझाई। आग लगने के कारण कृ ष्णा देवी के घर में रखी 20 हजार की नगदी समेत 50 हजार रुपये का नुकसान हो गया। लेखपाल उमेश सक्सेना व ग्राम प्रधान प्रदीप तिवारी ने मौके का मुआयना कर पीड़िता को लाभ दिलाने का आश्वासन दिया।