संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर। 10 दिन पहले नेपाल के काठमांडू में हुई तृतीय इंडो इंटरनेशनल एथलेटिक गेम्स स्पर्धा में दो स्वर्ण पदक जीतने वाले शिव प्रताप का पैतृक गांव सराय पुख्ता पहुंचने पर भव्य स्वागत हुआ। शिव प्रताप सिंह जादौन ने बताया कि वर्ष 2025 में मलेशिया में प्रस्तावित एशियन गेम्स के लिए उनका चयन हुआ है।
गांव सराय पुख्ता निवासी शिव प्रताप सिंह जादौन ने 14 से 16 मार्च तक हुई तृतीय इंडो इंटरनेशनल एथलेटिक गेम्स में भारत की ओर से हिस्सा लिया था। अपनी आयु वर्ग में प्रतिभाग कर शॉट पुट एवं डिस्कस थ्रो में दो स्वर्ण पदक प्राप्त किए थे। वह वर्तमान में स्थानीय लेखा परीक्षा कार्यालय, सीओडी कानपुर में कार्यरत हैं।
इंटरनेशनल एथलीट शिव प्रताप सिंह जादौन ने बताया कि नियमित खेल अभ्यास एवं रक्षा लेखा विभाग के अधिकारियों के सहयोग से सफलता मिली है। बताया कि उनका खेल जीवन 38 वर्ष पुराना है। 26 वर्षों से लगातार रक्षा लेखा लिखा विभाग की ओर से राष्ट्रीय खेलों में प्रतिनिधित्व करके पदक जीत रहे हैं। उदयभान सिंह जादौन, विशंभर सिंह जादौन, राधेश्याम गुप्ता, रामबाबू शर्मा, चंद्र प्रकाश शर्मा, अनिल प्रताप सिंह, जय चंद्र शाक्य, पूती तिवारी, श्याम, धर्मेंद्र, बृजपाल सिंह तोमर, अभिषेक सिंह, नमन, दीपक, शशांक, मयंक, वैभव आदि मौजूद रहे।