दिबियापुर। सहायल थाना के नंदपुर ताजपुर छौंक निवासी युवक का शव चार जून को राम गंगा नहर में कुंवरपुर व रामनगर के बीच उतराता मिला था।
मामले में युवक की मां ने बहू, उसके प्रेमी और बेटे के ससुराल वालों पर मारपीट व आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था। मामले में एसपी के आदेश पर सहायल थाने में बहू और उसके प्रेमी समेत सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
नंदपुर ताजपुर छौंक निवासी युवक की मां केशकली ने बुधवार को एसपी को शिकायती पत्र दिया। इसमें बताया कि उसके बेटे हरगोविंद की शादी दो दिसंबर 2022 को बेला थाना के झबरा निवासी प्रिया देवी के साथ हुई थी।
शादी के बाद से ही बहू अधिकांश समय अपने मायके में रहती थी। कई बार समझाने पर भी वह नहीं मानी। करीब छह माह पहले बहू, उसकी मां, भाई अमित, विकास, चाचा संतोष, धीर सिंह उनके घर आए थे।
इसके बाद आरोपी घर से गृहस्थी का सामान व जेवर उठाकर चले गए। विरोध करने पर दहेज प्रताड़ना के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। दो जून को बेटा हरगोविंद बहू को लेने के लिए झबरा गया था। वहां बहू व उसके ससुरालीजन ने उसके साथ मारपीट की। इससे क्षुब्ध बेटा घर नहीं लौटा। उन्होंने सहायल थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
चार जून को बेटे का शव कुंवरपुर- रामनगर के बीच रामगंगा नहर में उतराता मिला। आरोप लगाया कि बहू के इटावा के भरथना निवासी श्यामू उर्फ रामू के साथ संबंध बन गए थे। इसके चलते बहू व उसके परिजन बेटे को प्रताड़ित करते थे।
इसी से तंग आकर बेटे ने आत्महत्या कर ली है। बुधवार को एसपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। सहायल थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।