औरैया। प्रधानपति पर जानलेवा हमले में फरार चल रहे 8055 गैंग के सक्रिय सदस्य समेत तीन पर कोर्ट ने कुर्की का आदेश दिया है। तीनों आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे हैं। इस मामले में पांच आरोपियों को जेल भेजा गया था। जल्द पुलिस आरोपियों के घर पहुंचकर कुर्की की कार्रवाई कर सकती है।
सदर कोतवाली के गांव क्योंटरा की प्रधान के पति अखिलेश कुमार पांडेय पर 13 अगस्त को जानलेवा हमला किया गया था। इससे वह बुरी तरह घायल हो गए थे। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर 12 नामजद समेत 70 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दबिश शुरू की थी। बाद में मयंक दुबे, प्रखर मिश्रा, आयुष चतुर्वेदी, रिषभ पांडेय को जेल और एक बाल अपचारी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया। जानलेवा हमले में शामिल 8055 गैंग का सक्रिय सदस्य गोलू दुबे समेत भोले, आशीष पुलिस को तीन माह से चकमा दे रहे हैं। तीनों के खिलाफ सीजेएम कोर्ट ने कुर्की के आदेश जारी किए हैं। सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के जल्द कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।