पुलिस की पिटाई के बाद घायल युवक
- फोटो : amar ujala beuro
थाने के मात्र सौ कदम की दूरी पर ठेली लगाकर खीरा बेचने वाले युवक को पीटकर दबंगों ने रुपये छीन लिए। जब पीड़ित थाने पहुंचा तो उसे न्याय की बजाए पुलिस के डंडे खाने पड़े। उसने पुलिस पर समझौता न करने पर पीटने का आरोप लगाया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने के बाहर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। पीड़ित ने एसपी को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
कस्बा के ताहरपुर निवासी लाल सिंह का पुत्र रामकिशन परिवार का भरण-पोषण करने के लिए फफूंद थाने चंद कदम की दूरी पर सब्जी की ठेली लगाता है। सोमवार रात वह ठेली लेकर घर जा रहा था। तभी बडडू फकीर पुत्र मुन्ना मिस्त्री, जुबेर अपने एक अज्ञात साथी के साथ आए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए रुपये मांगे। जब उसने रुपये देने से इंकार किया तो दबंगों ने उसकी जेब में रखे रुपये छीन लिए। दबंग उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
पीड़ित ने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। इस पर थाना इंचार्ज सुरेन्द्र सिंह और उपनिरीक्षक सहजाद अली पीड़ित के घर पहुंचे। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उस पर समझौता किए जाने का दबाव बनाया। उसने समझौता करने से मना किया तो पुलिसकर्मियों ने डंडों से उसकी पिटाई की। घटना से आक्रोशित लोगों ने थाने पहुंचकर हंगामा किया। पीड़ित ने एसपी को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। इस संबंध में एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।