औरैया। मिहौली ओवरब्रिज के पास महिला से चेन लूट की वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद अब सदर कोतवाली पुलिस की नजरें भागे हुए दूसरे आरोपी पर टिकी हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद साथी दीपक कश्यप पुलिस से बचने के लिए प्रदेश की सीमा से बाहर भाग निकला है। पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
अजीतमल के हजरतपुर निवासी रघुनंदन सिंह की बहन की चेन 30 जुलाई को बिना नंबर की काले रंग की अपाचे बाइक से आए दो बदमाशों ने लूट ली थी। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आठ अगस्त की देर रात देवकली तिराहे से घेराबंदी कर कानपुर के घाटमपुर थाना क्षेत्र के गांव शीतलपुर निवासी ज्ञानेंद्र उर्फ साहिल को तमंचे, कारतूस, नकदी व बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया था।
चेकिंग के दौरान बाइक फिसलने पर पुलिस ने ज्ञानेंद्र को तो मौके से दबोच लिया लेकिन उसका साथी कानपुर के पनकी निवासी दीपक कश्यप चकमा देकर अंधेरे में भाग गया था। बताया जा रहा है कि भाग हुए आरोपी की लोकेशन पुलिस को प्रदेश के बाहर की मिली है। क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि भागे हुए आरोपी की तलाश में पुलिस लगी है। जल्द उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।