अजीतमल थाना अंतर्गत कस्बा के अयाना रोड निवासी कक्षा 11 की छात्रा ने संदिग्ध हालात में शनिवार की रात जाल में फांसी लगाकर जान दे दी। चौकी इंचार्ज ने बताया कि कलह से तंग हो उसने दुस्साहसी कदम उठाया।
अयाना रोड निवासी ह्रदयनारायण कुशवाहा हैदराबाद में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। घर में उनके बड़े भाई चंद्र किशोर, पत्नी कुंती देवी व दो पुत्रियां रोशनी (15) अलका (8) व पुत्र अभिषेक (5) रहते हैं। रोशनी कस्बा स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा 11 की छात्रा थी। शनिवार देर शाम सभी लोग घर में खाना खा कर सो गए। करीब दस बजे बिजली चली जाने के कारण कुछ लोग बाहर आ गए। वहीं, भाई बहन अंदर से सोते रहे। रात करीब 12 बजे अभिषेक को प्यास लगी तो अलका को जगाया। अलका जब पानी लेने कमरे से बाहर आई तो उसने छत के जाल में रोशनी के शव को लटका देखा। इस पर अलका ने शोर मचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकी इंचार्ज रंजीत सिंह ने बताया कि परिजन आत्महत्या का कारण नहीं बता सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कारण स्पष्ट हो जाएगा।