फोटो-08एयूआरपी25- मेडिकल स्टोर पर जांच करतीं औषधि निरीक्षक। स्रोत:कर्मी
औरैया। औषधि निरीक्षक ने जिले के अलग-अलग जगहों पर स्थित मेडिकल स्टोर पर बुधवार को छापा मारा। इस दौरान पांच संदिग्ध दवाओं को नमूना लिए। एक दुकानदार को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया। लिए गए नमूनों को जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजा गया है।
सरकार द्वारा प्रतिबंधित कफ सीरप की जांच के लिए औषधि निरीक्षक ज्योत्सना आनंद ने बुधवार को मेडिकल स्टोरों की खाक छानी। इस दौरान अजीतमल के गांव सेंगनपुर स्थित जीएच मेडिकल स्टोर पहुंची। वहां आशंका पर एक संदिग्ध औषधि का नमूना लिया। इसके बाद उन्होंने गांव के ही पूजा मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। इस दौरान संदिग्ध प्रतीत होने पर दो औषधियों का नमूना लिया। बाद में वह गांव भीखेपुर गांव पहुंची। वहां प्रेम मेडिकल स्टोर के दुकानदार से क्रय-विक्रय बिल मांगे, जो दुकानदार नहीं दिखा सका।
शहर स्थित रवि मेडिकल स्टोर से कफ सीरप के दो संदिग्ध नमूने लिए। साथ ही निरीक्षण के दौरान दुकान में कमियां पाई गई। दुकानदार को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा। औषधि निरीक्षक ज्योत्सना आनंद ने बताया कि निरीक्षण के दौरान लिए गए नमूना को जांच के लिए लखनऊ स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।