स्कूल न जाने पर मां बाप की डांट से क्षुब्ध होकर ट्रेन से भागे दो बच्चों को फफूंद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों ने जीआरपी को सौंपा। बुधवार शाम दोनों बच्चों को जीआरपी सिपाही के साथ उन्हें वापस घर भेज दिया गया है।
बुधवार को दो बच्चे रेलवे स्टेशन फफूंद पर पैसेंजर ट्रेन से उतरे। यात्रियों ने संदिग्धावस्था में दोनों बच्चों को टहलते देखा तो पूछताछ के बाद जीआरपी चौकी फफूंद के सुपुर्द कर दिया।
जीआरपी चौकी प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों बच्चे स्कूल में पढ़ने वाले हैं।
उन्होंने अपने नाम पिंकू और अमन बताए। बच्चों ने बताया कि स्कूल न जाने की वजह से उनके माता पिता ने उन दोनों को डांटा था। इसके चलते दोनों बच्चे पैसेंजर ट्रेन में बैठकर फफूंद तक आ गए। दोनों बच्चे गोविंद नगर, कानपुर के रहने वाले हैं।
चौकी प्रभारी के अनुसार 11 वर्षीय दोनों बच्चों को जीआरपी के सिपाही के साथ उनके घरों को भेज दिया गया है।