उमरी में सजे गणेश महोत्सव पंडाल में विराजे गणपति का विसर्जन बुधवार को श्रद्धालुओं ने भक्तिमयी धुनों पर झूमते हुए किया। पूरे रास्ते विभिन्न धुनों पर नाच रहे श्रद्धालुओं पर अबीर गुलाल की वर्षा की गई। बाद में आयोजन स्थल पर विशाल भंडारा आयोजित किया गया।
उमरी में अरविंद शुक्ला के संयोजकत्व में प्रतिवर्ष गणेश महोत्सव का आयोजन किया जाता है। इस बार 17 सितंबर से प्रारंभ हुए गणेश महोत्सव का बुधवार को विसर्जन के साथ समापन हो गया।
इस दौरान भक्तजन उमरी से लेकर निचली गंगा नहर तक झूमते नाचते अबीर गुलाल उड़ाते पहुंचे। विसर्जन यात्रा में खासी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं सम्मिलित हुईं। सभी लोग भक्ति में सराबोर नजर आए।
इधर, भगवतीगंज में दुर्गा टाकीज गली में सजे पंडाल में प्रतिदिन सुबह शाम आरती में खासी संख्या में श्रद्धालुजन उमड़ रहे हैं।
आयोजनकर्ता उमाकांत सोनी ने बताया कि 27 सितंबर को मूर्ति का विसर्जन किया जाएगा। बहेरे वाली पुलिया के समीप मां भवानी सेवा दल के संयोजकत्व में गणपति महोत्सव का भव्य आयोजन चल रहा है। गेल एनटीपीसी में भी गणेश महोत्सव की धूम मची हुई है।