औरैया। शहर में कानून व्यवस्था कायम रखने को लेकर एडीजी कानपुर जोन कानपुर ने सोमवार को औरैया पहुंचकर शहर की सड़कों पर पुलिस बल के साथ रूट मार्च किया। इस दौरान उन्होंने बाजार में व्यापारियाें से मिलकर उनसे समस्याएं पूछी, साथ ही सड़कों पर बिना हेलमेट के मिले बाइक सवारों को चेतावनी भी दी। यही नहीं शराब के ठेकों को भी चेक कर मौजूद कर्मियों पर कार्रवाई की चेतावनी जारी की।
सोमवार को एडीजी प्रेम प्रकाश ने औरैया की प्रमुख सड़कों पर एसपी सुनीति के साथ रूट मार्च किया। अचानक भारी पुलिस बल के सड़काें पर निकलते देख लोगों में कुछ गड़बड़ होने की चर्चाएं होने लगी। लेकिन तभी बीच में ही एडीजी ने रुककर व्यापारियों से उनकी समस्याएं पूछनी शुरू की तो लोगों ने जानकारी होने पर राहत की सांस ली। इस मौके पर एडीजी ने सड़कों पर बाइक से जा रहे लोगों को रोककर उन्हें हेलमेट का उपयोग करने को ताकीद किया। रूट मार्च के दौरान एसपी ने शहर में इटावा रोड पर स्थित देशी शराब के ठेके पर पहुंचकर मौजूद कर्मचारियों को किसी भी तरह से नकली शराब न बेचने की चेतावनी दी। साथ ही निर्धारित रेट से ही शराब की बिक्री करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ठेके के आसपास लोगों को शराब न पिलाने की भी हिदायत दी। लगभग डेढ़ घंटे तक शहर में रहे एडीजी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।