कंचौसी। कंचौसी फफूंद रेलवे स्टेशन के मध्य सुखमपुर रेलवे फाटक पर फरवरी माह में जनता के लिए रेलवे ओवरब्रिज खुल जाएगा।
निर्माणाधीन आरओबी के फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में है। जो फरवरी माह के पहले सप्ताह में पूरा हो जाएगा। महज उद्घाटन का इंतजार बाकी है।
उद्घाटन होते ही लोगों को नॉनस्टॉप आने-जाने की सुलभता मिल जाएगी। क्रॉसिंग पर जाम का झंझट तो दूर होगा ही, साथ ही सफर में समय की भी बचत होगी।
कंचौसी फफूंद रेलवे स्टेशनों के बीच सूखमपुर गांव के पास गेट नंबर 6 पर बन रहे ओवरब्रिज का निर्माण का काम दो साल से चल रहा था। जो अब अंतिम चरण में है। जो काम शेष बचा है, उसे फरवरी माह में पूरा हो जाने की संभावना है।
इसके बाद ब्रिज को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। इस समय सर्दी के चलते रोड पर डामरीकरण का काम रोक दिया गया है, क्योंकि सर्दी में तारकोल जमने लगता है। इससे तारकोल को सड़क पर फैलाने में दिक्कत होती है।
ब्रिज के मध्य भाग के पश्चिमी छोर पर कुछ हिस्से में रेलिंग का काम होना बाकी है। इसके अलावा ब्रिज के दोनों ओर बन रही सड़क सर्विस लेन बनाने का काम पूरा हो गया है।
इन्हीं दोनों ओर की सर्विस लेन से दोनों छोर पर बन रही सीढ़ियों के माध्यम से लोगों का पैदल आना जाना भी होगा। कंचौसी स्टेशन अधीक्षक दरबारी कुमार ने बताया कि रेलवे ओवरब्रिज का कार्य अंतिम चरण में है। अगले माह में ओवरब्रिज जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
इस ओवरब्रिज के बन जाने से औरैया व आसपास के बांदा, जालौन, कानपुर देहात, इटावा, कन्नौज, फर्रुखाबाद आदि जिलों से सीधा आना जाना होगा। इसके साथ ही जिले के उत्तरी क्षेत्र में स्थित सहायल, लहरापुर, याकूबपुर, बेला, आदि के लोग भी सीधे जिला मुख्यालय ककोर से जुड़ जाएंगे। कंचौसी कस्बा में पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम की समस्या भी दूर हो जाएगी। बता दें कि कंचौसी में रोजाना पूर्वी क्रॉसिंग बंद हो जाने पर दोनों छोर पर वाहनों की कतारें लग जाती हैं। ऐसे में वाहन चालक जाम में फंसकर परेशान होते हैं। साथ ही कस्बा का बाजार भी काफी हद तक प्रभावित होता है।
दीपू कुमार ने बताया कि औरैया जाने के लिए पहले पूर्वी क्रॉसिंग के जाम का सामना करना पड़ता है। कभी कभार तो तीन से चार घंटे इंतजार करना पड़ता है, लेकिन अब आरओबी से काफी सहूलियत मिलेगी।
अरविंद कुशवाहा ने बताया कि यह ओवरब्रिज कंचौसी से बेला, बिधूना, औरैया जाने वाले वाहनों के लिए काफी सहूलियत भरा सफर देगा। बिना जाम के वाहन सीधे औरैया आ जा सकेंगे। बस जल्द शुरू हो जाए।