अछल्दा/बिधूना। मंगलवार को दोपहर अछल्दा रेलवे क्रासिंग पर तकरीबन एक घंटे तक जाम लगा रहा। जाम में फंसे राहगीरों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। भैया दूज पर भाइयों को टीका करके घर लौट रही महिलाओं को ज्यादा दिक्कत हुई। जाम की सूचना मिलने पर अछल्दा पुलिस व आरपीएफ ने पहुंचकर काफी देर तक जूझने के बाद जाम खुलवाया। उधर, बिधूना में भी जाम लगने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
क्रासिंग पर रोजाना दिन में कई मर्तबा जाम लगता है। एक बार जाम लगने पर घंटों खुलने का नाम नहीं लेता है। इससे यहां के लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ती है। कस्बे के बड़े वाहनों की नो इंट्री के बाद भी जाम की समस्या जस की तस बनी हुई है।
बिधूना नगर में अतिक्रमणकारियों ने दुकानों के आगे तख्त ौर बेंच डालकर कब्जा कर लिया है। इससे रास्ता संकरा हो गया है। दुकान पर आने वाले ग्राहकों के चार पहिया व दो पहिया वाहन भी दुकानों के आगे खड़े हो जाने पर नगर के फीडर रोड और भगत सिंह चौराहे पर पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे राहगीरों को काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को भगत सिंह चौराहे पर लगे जाम से निकलने में लोग हांफ गए।