औरैया। हाईवे पर सर्विस रोड अधूरी पड़ी होने से लोगों को आवाजाही में खासी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। आए दिन राहगीर गिरकर चुटहिल भी होते रहते हैं। एक विचित्र पहल सेवा समिति के सदस्यों व ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और हाईवे प्रबंधन को पत्र लिखकर सर्विस लेन बनवाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि जल्द समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन का रास्ता अख्तियार करेंगे।
एक विचित्र पहल सेवा समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता ने बताया कि वर्षों से सर्विस रोड क्षतिग्रस्त होने से गांव बरमूपुर, मधुपुर, धीरजपुर तथा चिरहुली आदि गांव के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन लोग चुटहिल हो रहे हैं। आए दिन होने वाली वाहन दुर्घटनाओं से लोगों के बचाव के लिए लोक निर्माण विभाग व जिला प्रशासन से अति शीघ्र सर्विस रोड बनाने की मांग की गई है।