औरैया। शहर में फफूंद रोड पर संचालित एक निजी क्लीनिक पर एसडीएम सदर व डिप्टी सीएमओ ने छापा मारा। इस दौरान अभिलेख न दिखाने पर अस्पताल को सील कर दिया। अधिकारियों की छापा मार कार्रवाई शुरू होते ही वहां मौजूद डॉक्टर व कर्मचारी भाग गए।
रविवार को दो निजी अस्पतालों में एक महिला व एक युवक की मौत के बाद जिला प्रशासन ने अस्पतालों पर सख्ती बढ़ी दी है। सोमवार को फफूंद रोड पर एक निजी अस्पताल के गलत तरीके से संचालित किए जाने की जानकारी मिलने पर एसडीएम सदर रमेश यादव, डिप्टी सीएमओ डॉ. सुधांशु दीक्षित, डॉ.अनूप विश्नोई ने पहुंचकर छापा मारा। टीम को अस्पताल के अंदर छह बेड, ओपीडी चैंबर, मेडिकल उपकरण मिले। टीम को देखते ही डॉक्टर व अन्य कर्मचारी भाग गए। टीम ने जब अस्पताल संचालक से संबंधित कागजात लमांगे तो कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर उन्होंने अग्रिम आदेश तक निजी अस्पताल को सील कर दिया।
डिप्टी सीएमओ ने बताया कि जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे तो वहां से सभी भाग गए। इस दौरान निजी अस्पताल को सील कर दिया गया है। जनता को भी जागरूक होना पड़ेगा। अगर उन्हें कोई दिक्कत है तो वह सरकारी अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों को दिखाएं, जिससे किसी भी प्रकार की दिक्कत से बच सकें।