फोटो -4- क्रमिक अनशन पर अधिवक्ताओं के साथ बैठे सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम। संवाद
औरैया। राजस्व अधिवक्ता एसोसिएशन की मांगों को लेकर चल रही हड़ताल सोमवार को 15वें दिन भी जारी रही।
उनके कार्य बहिष्कार किए जाने से तहसील परिसर के न्यायिक, प्रशासनिक तथा बैनामा संबंधी कार्य पूरी तरह ठप रहे। वही अपनी मांगों को पूरा कराए जाने के लिए अधिवक्ताओं का क्रमिक अनशन भी जारी है।
एसोसिएशन ने अधिवक्ताओं से शासन-प्रशासन के रवैये पर नाराजगी व्यक्त की। एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील पांडेय ने कहा कि प्रशासन की ओर से अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। इससे अधिवक्ताओं में रोष बढ़ता जा रहा है। एसोसिएशन के महामंत्री हरिभानु अवस्थी ने कहा कि आवश्यकता पड़ी तो आमरण अनशन करने के लिए भी तैयार हैं।
अधिवक्ताओं की हड़ताल में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह वकीलों के हितों की लड़ाई में उनके साथ हैं। इस दौरान उनके साथ राजनरायन बघेल, महेन्द्र त्रिपाठी, मनीष कठेरिया मौजूद रहे।
क्रमिक अनशन में शिवकुमार शुक्ला, ऋषि पाठक, शिशुपाल सिंह पाल, सुधीर पांडे एवं विनय सक्सेना शामिल रहे। अधिवक्ताओं ने कहा कि जब तक उपजिलाधिकारी सदर का स्थानांतरण नहीं होता तब तक वह अपना आंदोलन जारी रखेंगे।