औरैया। जनपद महोबा में नीट की तैयारी कर रही छात्रा के साथ हुई दरिंदगी के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी का गुस्सा फूट पड़ा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष सरिता दोहरे के नेतृत्व में ककोर मुख्यालय पहुंचकर राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन डीएम को सौंपा। उन्होंने महिला सुरक्षा पर सवाल खड़े करते हुए दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि महोबा की होनहार छात्रा का कोचिंग से लौटते समय अपहरण किया गया और प्रयागराज में 16 दिनों तक बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म व जबरन निकाह जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया। यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है।
जिलाध्यक्ष सरिता दोहरे ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। डॉक्टर बनने का सपना देखने वाली बेटी को दरिंदगी और प्रताड़ना का शिकार होना पड़ा।
ज्ञापन में मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर दोषियों को जल्द से जल्द कठोरतम सजा दी जाए। पीड़ित छात्रा एवं उसके परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई जाए, आर्थिक सहायता, निशुल्क इलाज और मानसिक संबल प्रदान किया जाए।
ज्ञापन देने वालों में जिला उपाध्यक्ष दिलीप तिवारी, शोभित त्रिपाठी, मुकेश धाकड़, जिला सचिव ऋतु शुक्ला, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रेशमा बेगम, जिला कोषाध्यक्ष अशोक अग्रवाल, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष उत्कर्ष अवस्थी, नगर उपाध्यक्ष संदीप चक और मोहम्मद अबरार हुसैन सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।