बिधूना। कस्बा स्थित पंजाब नेशनल बैंक से पैसे निकालकर साइकिल से रिश्तेदार के घर जा रहे सेवानिवृत्त शिक्षक का एक लाख 10 हजार रुपयों से भरा झोला किसी ने पार कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बिधूना कोतवाली क्षेत्र के जवाहर सुखचैनपुर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक हरी सिंह सेंगर ने पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह वह किशनी रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक से एक लाख दस हजार रुपये निकालने गए थे। करीब 11 बजे रुपये निकालने के बाद पैसों से भरा झोला साइकिल में टांग लिया।
रिश्तेदार के घर जाने के लिए वह एक जगह पर कुछ देर के लिए रुके। आरोप है कि इसी बीच किसी ने साइकिल से झोला पार कर दिया। एक युवक पर शक होने पर पुलिस को सूचना दी। कोतवाली प्रभारी सुजीत वर्मा ने बताया कि हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।