औरैया। जिले में कोरोना की तीसरी लहर लगातार पांव पसार रही है। शासन द्वारा जारी नई गाइड लाइन के अनुसार, अगर मरीज में कोरोना के लक्षण नहीं हैं तो उन्हें भर्ती करने के लिए जांच रिपोर्ट की जरूरत नहीं होगी। जांच केवल उन्हीं की होगी, जिनमें कोरोना के लक्षण होंगे। अभी तक आरटीपीसीआर जांच के बाद ही मरीजों को भर्ती करने का नियम था।
अभी तक सरकारी व निजी अस्पतालों में कोरोना जांच के बाद ही मरीजों को भर्ती किया जाता था। इससे तमाम मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। जिले के 100 शैया और 50 शैया अस्पताल में प्रतिदिन पांच से छह ऑपरेशन होते हैं। इसमें प्रसव और सामान्य ऑपरेशन शामिल हैं। अभी तक
आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मरीजों को भर्ती करके उनका ऑपरेशन हो रहा था। लेकिन नई गाइडलाइन में जांच रिपोर्ट की बाध्यता समाप्त कर दी गई है। केवल उन्हीं मरीजों की जांच कराने के लिए कहा गया है जिनमें कोरोना के लक्षण दिख रहे हों। चिकित्सकों से कोरोना प्रोटोकाल का ध्यान रखने के लिए भी कहा गया है।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया की शासन से जारी नई गाइडलाइन में कोरोना की जांच रिपोर्ट के कारण इलाज, भर्ती करना और ऑपरेशन नहीं रुकेंगे। जिन मरीजों में लक्षण होंगे, उन्हीं की जांच कराई जाएगी।