औरैया। फफूंद थाना क्षेत्र में करीब 23 दिन पूर्व ऑटो सवार महिला का पर्स लूटे जाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने ऑटो चालक और बाइक सवार दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कुडरा निवासी मंजू देवी ने बताया कि 28 जुलाई की शाम लगभग साढ़े आठ बजे वह ककोर जाने के लिए सुभाष चौक चौराहे पर ऑटो पर बैठी थीं। गांव कखावतू कालोनी व तुर्कीपुर के बीच ऑटो पहुंचने पर बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनका बैग लूट लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, बाइक सवार दिबियापुर की ओर भाग गए।
बैग में सोने की जंजीर, मंगलसूत्र, चार अंगूठी व 40 हजार रुपये, मोबाइल फोन रखा था। पीड़िता ने बताया कि पुलिस को सूचना देने के लिए ऑटो चालक से मोबाइल मांगा तो उसे टरकाकर ककोर में उतार दिया। ऑटो की लाइटें बंद कर दीं। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने ऑटो चालक व बाइक सवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगी हुईं हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।