औरैया। दिबियापुर के इंदिरा नगर निवासी महिला शिक्षक सुनीता द्विवेदी ने तहरीर देकर दिबियापुर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले में कालर पर खुद को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बताकर 31 हजार रुपये निलंबन की कार्रवाई से बचने के लिए डिमांड मांगी गई थी।
बता दें कि महिला शिक्षक को तत्कालीन बीएसए अनिल कुमार ने 15 जून को निलंबित कर दिया था। जिसके बाद पीड़िता के मोबाइल फोन पर एक काल आई। दर्ज मुकदमे के मुताबिक पीड़िता से गोरखनाथ मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के लिए 31 हजार रुपये की मांग की गई। फोन के माध्यम से बात करने वाले ने अपना परिचय उप्र के मुख्यमंत्री के विशेष सचिव विवेक तिवारी बताते हुए कांफ्रेंस कर सुनाया गया कि बेसिक शिक्षा अधिकारी औरैया से बात हो गई है।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश चौहान ने बताया कि जिस मोबाइल नंबर से फोन आया था, उसी नंबर और अज्ञात काल करने वाले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले जांच कर रही है।