अजीतमल। महिला से अश्लीलता के आरोप में पुलिस ने रोडवेज बस परिचालक पर रिपोर्ट दर्ज की है। महिला गुरुग्राम में नौकरी करती है। महिला ने सफर के दौरान घटना की बात कही। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी इटावा का रहने वाला है।
कोतवाली के एक गांव निवासी महिला का रोडवेज बस से अक्सर घर आना जाना होता है। सफर के दौरान परिचालक ने महिला को अपना मोबाइल नंबर दे दिया। ताकि जब उसे घर जाना हो तो कॉल कर बस के बारे में जानकारी कर सके। महिला का आरोप है कि 26 अक्तूबर को गुरुग्राम जाना था। परिचालक को कॉल की तो उसने बस की लोकेशन बताई। बस आने पर महिला बस में परिचालक की सीट पर बैठ गई। इसी दौरान परिचालक उसके साथ अश्लीलता करने लगा।
इसके बाद महिला पीछे जाकर बैठ गई। इस पर आरोपी महिला को गालियां देने लगा। किसी तरह महिला गंतव्य पर पहुंची। अब आरोपी महिला को कॉल कर परेशान कर रहा है। महिला के बेटे ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सीओ सृष्टि सिंह ने बताया कि महिला के बेटे की तहरीर पर इटावा थाना बकेवर के गांव महेवा निवासी परिचालक अवनीश मिश्रा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिवहन निगम के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जानकारी कर परिचालक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।