दिबियापुर। सीएचसी परिसर में भाजपाइयों के बीच मारपीट के मामले में पुलिस ने मंगलवार को दो नामजद समेत आठ पर रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। घटना के बाद पुलिस ने अस्पताल परिसर से ब्लॉक प्रमुख लिखी स्कॉर्पियो और बाइक बरामद की थी।
विज्ञापन
दिबियापुर कस्बा निवासी आशीष दुबे ने गांव ककराही निवासी श्यामू भदौरिया, विनय समेत अज्ञात आठ पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। आशीष ने बताया कि 16 नवंबर की शाम वह सीएचसी किसी काम से गए थे। वहां मौजूद आरोपी कमेंट करने लगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। आशीष दुबे का आरोप है कि गले में पड़ी चेन आरोपियों ने झपट्टा मारकर तोड़ ली। इससे आधी चेन उसके हाथ में रह गई और आधी आरोपी लेकर भाग गए। मारपीट की सूचना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इससे पहले सभी भाग गए थे। मौके से पुलिस ने दो वाहन बरामद किए थे। सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मारपीट के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द उन्हें पकड़ लिया जाएगा।