सिकरोड़ी पुल से बाढ़ का जायजा लेते डीएम व अन्य।
- फोटो : सिकरोड़ी पुल से बाढ़ का जायजा लेते डीएम व अन्य।
अजीतमल। यमुना का जलस्तर घटना शुरू हो गया है। इससे यमुना के तटवर्ती क्षेत्र के गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली है। गुरुवार को डीएम ने तहसील प्रशासन के साथ बाढ़ क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने गांव के लोगों को सतर्क रहने के सलाही दी।
डीएम डाॅ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने एसडीएम निखिल राजपूत के साथ यमुना तटवर्ती क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने सिकरोड़ी पुल पर पहुंचकर यमुना नदी के जलस्तर का जायजा लिया। डीएम ने निर्देश दिया कि जलस्तर पर लगातार नजर बनाएं रखें। उन्होंने क्षेत्र के ग्रामवासियों से मुलाकात कर हाल चाल जाना।
उधर, बुधवार को गौहानी कलां मार्ग पर बने रपटे की पुलिया के नीचे तक पानी पहुंच गया था। सिकरोड़ी गांव के किनारे के यमुना का पानी बहने लगा था। इससे सिकरोड़ी, गौहानी कलां, गौहानी खुर्द, जाजपुर, असेवटा, असेबा, जुहीखा, बडेरा, गूंज ततारपुर, बबाईंन, आदि गांव के लोग दहशत में थे।
गुरुवार से जलस्तर घटने से राहत मिली है। एसडीएम ने बताया कि यमुना का जलस्तर बुधवार को 109 मीटर तक पहुंच गया था। अब घटना शुरू हो गया है।