ब्लाक परिसर में बैठे दिव्यांग। संवाद
- फोटो : AURAIYA
फफूंद। निशुल्क उपकरण पाने के लिए भाग्यनगर में लगने वाले पंजीकरण शिविर को बिना किसी पूर्व सूचना के निरस्त कर दिया गया। इससे पंजीकरण कराने पहुंचे दिव्यांग गर्मी में भटकते रहे, किसी ने उन्हें सही जानकारी नहीं दी।
ब्लाक भाग्यनगर परिसर में मंगलवार को क्षेत्र के दिव्यांगों को सहायक यंत्र व अन्य उपकरण निशुल्क देने के लिए एलिम्को द्वारा पंजीकरण शिविर लगाया जाना था। जिसमें दिव्यांगों की जांच कर संबंधित उपकरण के लिए पंजीकरण होने थे। सुबह से ही ब्लाक परिसर में दिव्यांगों की भीड़ पंजीकरण कराने के लिए एकत्र हो गई।
दिव्यांग भीषण गर्मी में घंटों तक इंतजार करते रहे। स्नद्वद्मह्य बाद में उन्हें जानकारी दी गई कि शिविर स्थगित कर दिया गया है। पंजीकरण कराने पहुंचे गांव खानपुर निवासी दिव्यांग राम बाबू, भट्टा बस्ती जमुहा निवासी सुनील कुमार, शिवुपुर निवासी श्याम सिंह, खानपुर फफूंद निवासी महावीर आदि ने बताया कि वह 10 बजे सुबह से इंतजार कर रहे थे। खंड विकास अधिकारी विश्वनाथ पाल ने बताया कि उन्हें जानकारी दी गई है कि अब शिविर आठ जून को लगेगा। इसकी जानकारी सभी दिव्यांगों को दी गई है।