औरैया। रोडवेज में अब परिचालक 60 वर्ष की जगह 65 वर्ष तक सेवा दे सकेंगे। परिवहन निगम की ओर से आदेश जारी होने के बाद विभाग दो जून तक ऐसे परिचालकों की रिपोर्ट तैयार कर भेजेगा। यह कदम लंबे समय से भर्ती न होने पर विभाग ने उठाया है।
इटावा परिक्षेत्र से 481 रोडवेज बसों का संचालन होता है। वर्तमान में इटावा परिक्षेत्र में 100 परिचालकों की जरूरत है। यह स्थिति प्रदेश के अन्य मंडलों की भी है। रोडवेज ने इस समस्या के समाधान खोज निकाला है। विभाग ने संविदा पर काम करने वाले परिचालक की सेवानिवृत्त होने की उम्र 60 वर्ष से बढ़ाकर 65 वर्ष कर दी है। इसी तरह से स्थायी चालक सेवानिवृत्त होता है तो वह चाहे तो पांच साल तक संविदा पर परिचालक के पद पर काम कर सकता है।
इस संबंध में रोडवेज के प्रधान प्रबंधक (कार्मिक) अतुल जैन ने पत्र सभी क्षेत्रीय प्रबंधक को भेजा है। जिसमें कहा कि जो संविदा कर्मचारी अगर 65 वर्ष तक परिचालक का काम करना चाहते हैं तो उनसे पुन: अनुबंध कर सूचना दो जून तक रोडवेज मुख्यालय अवश्य भेज दें, जिसके आगे की कार्रवाई की जा सके।
इटावा परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि पत्र मिलने के बाद संविदा पर काम करने वाले परिचालकों को इसकी जानकारी दे दी गई है। अभी तक चार परिचालक 65 वर्ष तक काम करने के लिए आगे आए है। बताया कि जो परिचालक हाल के दिनों में सेवानिवृत्त होने वाले हैं, वह संविदा के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस व्यवस्था से परिचालकों की कमी दूर हो सकेगा। परिक्षेत्र से 481 बसों का संचालन होता है और 100 परिचालकों की जरूरत भी है।