फोटो 15 एयूआरपी 04 कार्यक्रम में महिला को सब्सिडी चेक की डेमो देती जिला प्रभारी मंत्री व अन्य
औरैया। लखनऊ के लोक भवन सभागार में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में 1.68 करोड़ पात्र परिवारों को 1500 करोड़ के निशुल्क गैस सिलिंडर की रिफिल सब्सिडी वितरित की। औरैया शहर के नुमाइश मैदान पर भी प्रभारी जिला मंत्री, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने 150 पात्र परिवारों को सब्सिडी के डेमो चेक व दीपावली गिफ्ट वितरित किए। इनके अलावा प्रधानमंत्री खाद्य उद्योग उन्नयन योजना में गुलाब सिंह को सोलर आटा चक्का व रीना देवी को सरसों आयल उद्योग के डेमो चेक प्रदान किए। इस दौरान सजीव प्रसारण जनप्रतिनिधियों व आमजन ने देखा और सुना।
जिला प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि महिलाएं दीपावली में दीपक के साथ-साथ गैस के माध्यम से जल्द स्वादिष्ट भोजन पका सकती है। उन्होने कहा कि श्रीअन्न के उत्पादन से किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं। साथ ही लोग श्रीअन्न का उपयोग कर विभिन्न असाध्य रोगों से भी बच सकते हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष कमल सिंह दोहरे, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, पूर्व राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत,पूर्व भाजपा प्रत्याशी बिधूना रिया शाक्य ने भी अपने विचार रखे।
इस मौके पर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन (न्यूट्रीसीरियल्स घटक) योजना के तहत श्री अन्न (मिलेटस) महोत्सव में मिलेटस रेसीपी विकास एवं उपभोक्ताओं को फायदे बताते हुए जागरूक किया। कार्यक्रम में डीएम डाॅ. इंद्रमणि त्रिपाठी, एसपी अभिषेक भारती, एडीएम अविनाश चन्द्र मौर्य, सीडीओ संत कुमार, जिला कृषि अधिकारी शैलेन्द्र कुमार वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकांत यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।