औरैया। तीसरे चरण में जिले की तीन सीटों पर रविवार को हुए मतदान में मतदाताओं ने जबर्दस्त उत्साह दिखाया। इसका परिणाम यह रहा कि सुबह सात से शाम छह बजे तक जनपद में कुल 61.31 फीसदी मतदान हुआ। यह 2017 के चुनाव की अपेक्षा एक फीसदी अधिक रहा। इसके साथ ही 33 प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हो गया। जीत का सेहरा किस सिर बंधेगा, यह 10 मार्च को तय होगा।
तीनों विधानसभा क्षेत्रों के 855 मतदान केंद्रों पर 1281 बूथ बनाए गए थे। तीनों सीटों पर 11-11 प्रत्याशी मैदान में थे। मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए मॉडल, पिंक और दिव्यांग बूथ अतिरिक्त बनाए गए थे। बुलावा टोली भी लगाई गई थीं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कुछ जगहों से छिटपुट घटनाओं की सूचना मिलती रही, लेकिन पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की मुस्तैदी से सब कुछ शांति से निपटा।
कई स्थानों पर ईवीएम में खराबी के चलते मतदान कुछ देर के लिए प्रभावित हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण रहा। कहीं पर कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। लोगों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सेदारी निभाई है। 10 मार्च को मंडी परिसर में मतगणना कराई जाएगी।
विधानसभा 9 बजे 11 बजे एक बजे तीन बजे पांच बजे छह बजे
बिधूना 7.8 21.86 31.2 47.71 57.69 61.35
दिबियापुर 8 19.5 32.67 49.9 61.41 62.58
औरैया 8.7 18.75 36.25 47.25 56.9 60.00
------------------------------------------------------------
योग - 8.17 20.04 33.37 48.29 58.67 61.31
(नोट- आंकड़े प्रतिशत में)
----------------
2017 के मतदान प्रतिशत एक नजर में
विधानसभा पुरुष महिला थर्ड जेंडर योग
बिधूना 60.16 63.13 00 61.50
दिबियापुर 59.59 64.34 00 61.74
औरैया 56.21 59.69 18.67 57.79
-----------------------------------------------
योग 58.88 62.40 7.14 60.37
फोटो-20एयूआरपी-93- पूर्व माध्यमिक विद्यालय कस्बा खानपुर में लगी मतदाताओं की लाइन। संवाद- फोटो : AURAIYA