औरैया। बेमौसम बारिश ने ईंट भट्ठा कारोबारियों को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। पथाई करके रखी गईं कच्ची ईंटें बारिश में बह गईं। हर भट्ठा मालिक को करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जिले में करीब 125 भट्ठे हैं। इस हिसाब से करीब साढ़े 12 करोड़ का नुकसान जिले भर के भट्ठा मालिकों को उठाना पड़ा है।
कई दिनों से रुक-रुक कर हुई बारिश ने ईट भट्टा मालिकों की कमर तोड़ दी है। भट्ठों में इसी माह से ईंट पथाई का काम शुरू हुआ था। 14 जनवरी के बाद ईंटों को पकाने का काम शुरू होना था। लेकिन इससे पहले ही बारिश हो गई और इससे कच्ची ईंटें पानी के साथ बह गईं। अब भट्टा मालिकों को कुछ समझ नहीं आ रहा है। इस नुकसान का असर अब ईंटों के दामों पर भी पड़ सकता है। जानकारों ने ईंटों के भाव में बढ़ोत्तरी की भी संभावना जताई है।
भट्ठा मालिकों के मुताबिक, हर भट्ठे पर करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पिछले करीब 15 दिनों में लेबर की खुराकी और रखरखाव पर अलग खर्च हुआ है। करीब साढ़े 12 करोड़ रुपये का नुकसान इस बेमौसम की बरसात से भट्ठा मालिकों को हुआ है।