औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक कस्बा निवासी महिला ने नशीला पेड़ा खिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप एक युवक पर लगाया है। पुलिस ने जांच करने की बात कही है।
पीड़ित महिला ने कोतवाली पुलिस को बताया कि 18 दिसंबर 2021 को एक व्यक्ति उनके घर आया। वहां उसने घर में मौजूद पति को बाबरपुर से शराब लाने के लिए भेज दिया। पति के जाने पर उस व्यक्ति ने खाने के लिए पेड़ा दिया। आरोप है कि पेड़ा खाते ही वह अचेत हो गई। इसके बाद आरोपी ने दुष्कर्म किया। बेहोशी का फायदा उठा कर आरोपी ने अश्लील वीडियो भी बनाया। तब से आरोपी व्यक्ति उसको वीडियो नेट पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार शोषण कर रहा है। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपये की मांग भी की जा रही है। कोतवाली प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें अभी इस प्रकरण की जानकारी नहीं है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।