रेलवे क्रासिंग 13बी पर काम करते कर्मी। संवाद
अछल्दा। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर रेलवे लाइन मरम्मत कार्य के चलते मंगलवार को ट्रेनें धीमी गति से निकलीं। रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक की मरम्मत का कार्य चल रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले कार्य के चलते रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से राहगीरों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा। यहां तक कि पैदल रेलवे क्रॉसिंग पार करने वाले राहगीर भी बड़ी मुश्किल से फाटक के पार करके उधर से निकल सके।
कस्बा से निकली दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग के रेलवे क्रॉसिंग संख्या 13 बी पर सुबह लगभग 10 बजे से रेल कर्मियों ने कार्य शुरू किया। इस दौरान डाउन रेलवे लाइन की मेन लाइन एवं अप रेलवे लाइन की दोनों लाइनों पर फुटपाथ को ऊंचा करने का काम किया जा रहा है। इस दौरान ट्रेनों को 30 किमी की धीमी गति से निकाला जा रहा है। रेल विभाग द्वारा यह मरम्मत कार्य तीन दिन तक किया जाएगा जिसके चलते 17 सितंबर तक रेलवे क्रॉसिंग को बंद रखा गया है।
जिसका सूचना बोर्ड एक दिन पहले ही गेट पर लगा दिया गया था। सुबह जैसे ही रेल कर्मियों ने मरम्मत का कार्य शुरू किया वैसे ही रेलवे क्रॉसिंग को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से राहगीरों को भारी परेशानी हुई। कई लोग जान जोखिम में डालकर ट्रैक पार करते नजर आए। वहीं एंबुलेंस, कार और बाइक सवारों को खगा के नगला ओवरब्रिज और घसारा ओवरब्रिज से होकर गुजरना पड़ रहा है, इससे उन्हें तीन से पांच किमी अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर क्रॉसिंग पर आरपीएफ के जवान तैनात रहे।