औरैया। बिधूना नगर पंचायत के सभासदों ने ईओ और अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। डीएम व नोडल अधिकारी को शिकायत पत्र भेजकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्र में बोर्ड की बैठक बुलाए बिना नियमों को ताक पर रखकर नगर पंचायत में कार्यालय का निर्माण कराने समेत कई गंभीर आरोप लगाते हुए जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर पंचायत बिधूना के नाजिम खान, संतोष कुमार, अशोक, प्रेम सिंह, प्रमोद, अनिल कुमार, शिवानी, सुघर श्री व सरिता आदि सभासदों ने अध्यक्ष डीएम अभिषेक सिंह व जिले के नोडल अधिकारी को भेजे शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि ईओ बिना बोर्ड प्रस्ताव व बिना टेंडर निकाले अलग से एक कार्यालय का निर्माण करा रहे हैं। बोर्ड प्रस्ताव के बगैर नगर का सर्वेक्षण कार्य अपने चहेतों से करा रहे हैं। अध्यक्ष व ईओ द्वारा आपूर्ति देने वाले ठेकेदार को मय स्ट्रीट लाइट लगवाने का भुगतान किया गया है, जबकि यह लाइटें आउट सोर्सिंग कर्मचारियों द्वारा लगवाई गई हैं। शिकायती पत्र में उल्लेख किया गया कि बोर्ड बैठकों की समय सीमा तय नहीं है, मनमानी कर ईओ और अध्यक्ष बैठक की खानापूर्ति करते हैं। इसके चलते 30 दिसंबर को बुलाई गई बैठक का सभी सभासदों ने बहिष्कार कर दिया था। उधर, इस बाबत नगर पंचायत अध्यक्ष अमित कुमार का कहना है कि सभासदों के आरोप बेबुनियाद हैं। सभासदों ने शिकायत की है, जांच में साफ हो जाएगा कि कौन गलत है और कौन सही।