मंडी परिसर में बेरीकेटिंग लगाते मजदूर
- फोटो : amar ujala beuro
प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह के आगमन को लेकर गल्ला मंडी परिसर में तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन देर रात तक जुटा रहा। वहीं मंडी परिसर में बनाए गए हैलीपेड का शुक्रवार शाम डीएम ने जायजा लिया। मंडी गेस्ट हाउस की व्यवस्थाएं देखीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों का आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव शनिवार सुबह नौ बजे हेलीकाप्टर से गल्ला मंडी परिसर स्थित हैलीपेड पर उतरेंगे। इसके बाद शहर में जालौन रोड पर स्थित राजू धर्मकांटा का उद्घाटन करेंगे। काबीना मंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से देर रात तक तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। मंडी परिसर में पीडब्लूडी विभाग के अधिकारी हैलीपेड बनाने में मशगूल दिखे। हैलीपेड के पास किसी की इंट्री न होने को लेकर चारों तरफ बेरीकेटिंग लगाई गई।
मंडी सचिव पार्थ सारथी व अनूप दीक्षित देर शाम तक मंडी गेस्ट हाउस की व्यवस्थाएं ठीक करने में जुटे रहे। इस दौरान शाम लगभग छह बजे गल्ला मंडी परिसर स्थित हैलीपेड की तैयारियों का डीएम माला श्रीवास्तव ने जायजा लिया। इससे पहले मंडी परिसर में हैलीपेड के पास कई दिनों से खड़े मौरम लदे ट्रक को क्रेन से खींचकर हटवाया गया। जबकि परिसर में भरे बरसात के पानी को सुखाने के लिए वहां पर मिट्टी व राख डलवाई गई। साथ ही पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
लोक निर्माण मंत्री आज शहर में
प्रदेश सरकार के लोक निर्माण मंत्री शिवपाल यादव शनिवार को सुबह नौ बजे जनपद में एक प्रतिष्ठान के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। समारोह में शामिल होने के बाद जनपद के विभागीय विकास कार्यो एवं परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसके बाद 11 बजे लोक निर्माण मंत्री इटावा के लिए प्रस्थान करेंगे।