औरैया। लखनऊ में 18 फरवरी को होने वाली राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में शहर के 16 युवक-युवतियां हिस्सा लेंगी। चयनित युवक-युवतियों को गुरुवार को पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारियों ने सम्मानित किया। प्रतियोगिता के लिए चयनित युवाओं का कहना है कि वह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जीत हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर जिले का नाम रोशन करेंगे।
योग शिक्षक विशाल दुबे ने बताया कि राज्य योग सोसाइटी की ओर से 18 फरवरी को लखनऊ में राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का हो रहा है। इससे पहले जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें चयनित विजेताओं को राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का मौका मिला है। जिला स्तर पर हुई प्रतियोगिताओं में जूनियर वर्ग बालिका में प्रांजली सिंह ने प्रथम, प्रगति यादव ने द्वितीय, चांदनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग बालक वर्ग में सुमित ने प्रथम, पियूष ने द्वितीय और निखिल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में बालिका वर्ग में अमृता पाठक ने प्रथम, ईशा पाल ने द्वितीय और क्षमा पोरवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर बालक वर्ग में प्रिंस कुमार ने प्रथम, सत्यम कुमार ने द्वितीय, अंकुश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है। इन विजेताओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का मौका मिला है। विशाल दुबे ने बताया कि उन्होंने जिले में योग की अलख जगाई है। इससे पहले भी यह युवा कई अन्य जनपदों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।