एरवाकटरा (औरैया)। एक शादी समारोह में तमंचा लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने वीडियो में दिख रहे प्रधान के पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
सोशल मीडिया पर शादी समारोह का एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में एक युवक हर्ष फायरिंग के लिए तमंचा लहराते दिख रहा है। वीडियो थाना क्षेत्र के कुकरकाट गांव का बताया जा रहा है। गांव में आई बरात में प्रधान के पति डीजे पर डांस करते युवाओं के बीच पहुंचे थे।
यहां उन्होंने हर्ष फायरिंग करने के लिए तमंचा निकाल लिया। लेकिन कारतूस फंस गई। लोग उन्हें फायर करने से रोकते दिख रहे हैं, हालांकि वायरल वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती है। पुलिस ने तमंचे के संग दिख रहे आरोपी को दबोच लिया है।
पकड़ा गया युवक दिवहरा गांव निवासी राजेश यादव बताया जा रहा है। थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी ने बताया कि पकड़े गए प्रधान पति के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।