सहायल। सहार ब्लॉक के सौंथरा अड्डा से शिवगंज मार्ग पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। जगह-जगह गड्ढों की वजह से जलभराव की समस्या हो गई है। यह मार्ग करीब एक दर्जन से अधिक गांव को जोड़ता है। इससे हजारों लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
सौंथरा गांव में प्राथमिक विद्यालय के सामने गड्ढे होने की वजह से जलभराव की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार करीब आठ वर्ष से इस सड़क पर कोई काम नहीं कराया गया है। इसके चलते राहगीरों व नौनिहाल बच्चों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
सौंथरा गांव के ग्रामीण पुष्पेंद्र सिंह उर्फ दादा, रामपाल सिंह, नीरज सिंह, सोनू भदौरिया, गुड्डन पाल, जीतू रघुवंशी ने बताया कि इस मार्ग को लेकर कई बार लोकनिर्माण विभाग को भी लिखित सूचना भी दी गई। अब तक इस मार्ग का निर्माण नहीं हो सका।
इसके चलते राहगीरों को समस्या का सामना करना पड़ता है। बताया कि इस सड़क के निर्माण हुए करीब आठ वर्ष हो गए हैं। वही प्राथमिक विद्यालय सौंथरा के शिक्षकों ने भी सड़क निर्माण की मांग की है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अमर सिंह ने बताया कि इस मार्ग को कार्ययोजना में डाला गया है। जल्द ही इस मार्ग की मरम्मत की जाएगी। इससे राहगीरों को समस्या से निजात मिल जाएगी।