सहायल क्षेत्र के एक खेत में आलू की खुदाई करता किसान परिवार। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। जिले के शीतगृहों में आलू का भंडारण शुरू होने से बाजार में इसके भाव बढ़ने लगे हैं। पिछले एक सप्ताह में आलू का भाव सात रुपये प्रति किलो तक बढ़ा है। होली के कारण अगले कुछ दिनों में आलू की कीमतें और चढ़ने की संभावना है।
जिले में 5610 हेक्टेयर में आलू की फसल की गई है। इस वर्ष जिले में आलू की बंपर पैदावार हुई है। उद्यान विभाग के अनुसार, जिले में एक लाख 40 हजार 160 मीट्रिक टन आलू की पैदावार होने की संभावना है। जबकि फरवरी माह से अब तक करीब 16,819 मीट्रिक टन आलू की खुदाई किसान कर चुके हैं। जिले में 14 शीतगृहों में आलू का भंडारण भी शुरू हो गया है। इससे बाजार में आलू के दाम बढ़ने लगे हैं।
एक सप्ताह पहले जिले की फुटकर मंडियों में आलू आठ रुपये किलो बिक रहा था। मौजूदा समय में आलू का भाव बढ़कर 15 रुपये किलो हो गया है। आलू व्यापारियों का कहना है कि होली पर आलू का भाव और बढ़ सकता है। इस संबंध में सहायक उद्यान अधिकारी धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि फसल की अच्छी हुई है। आलू की खुदाई चल रही है। मार्च तक रिपोर्ट मिल पाती है। जिले में करीब एक लाख 40 हजार 160 मीट्रिक टन आलू उत्पादन होने की संभावना है।