बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के चिरकुआं गांव में फंदे से लटका मिला हाईस्कूल की छात्रा का शव के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। पुलिस के अनुसार रिपोर्ट में फंदा लगने से छात्रा की मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस ने शव परिजन को सौंप दिया।
गांव चिरकुआं गांव निवासी इस्लाम की 15 वर्षीय बेटी खुशी हाईस्कूल की छात्रा थी। रविवार को छात्रा का शव फंदे से लटका मिला था। घटना के समय मां आसमा बकरी के लिए चारा लेनी गई थीं, जबकि पिता मजदूरी करने निकल गए थे। दोपहर करीब 11:45 बजे जब मां घर लौटी तो मुख्य गेट अंदर से बंद मिला। घर के अंदर झांककर देखा तो बेटी खुशी कमरे के गेट के पास दुपट्टे से फंदे से लटकी मिली थी।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। सोमवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट कोतवाली पहुंची। रिपोर्ट में छात्रा की मौत की पुष्टि फंदा लगने से हुई। शव को परिजन के सुपुर्द कर दिया गया, जिसे गांव ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। छात्रा की मौत से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि परिजन की ओर से अभी तक तहरीर नहीं मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।