कुदरकोट (औरैया)। थाना क्षेत्र के गांव अनिरुद्धपुर में सोमवार सुबह एक महिला के अचानक लापता होने की खबर आई।
महिला के लापता होते ही ससुराल पक्ष के लोग भी घर छोड़कर भाग गए। इसी बीच पुलिस को महिला की हत्या की खबर दी गई। सूचना पर दौड़ी पुलिस ने जब जांच शुरू की तो महिला अपने मायके में सकुशल मिल गई है।
इटावा जनपद के भरथना थाना क्षेत्र के गांव नगला रता निवासी मोहिनी की शादी बीते आठ मई को थाना क्षेत्र के गांव अनिरुद्धपुर निवासी देवांशु यादव के साथ हुई थी। सोमवार सुबह अचानक मोहिनी घर से लापता हो गई। सुबह जब परिजन की आंख खुली तो बहू को लापता देख उनके होश उड़ गए। इसके बाद ससुरालीजन भी घर से लापता हो गए।
महिला के चाचा की सूचना पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच रिश्तेदार ब्रजेश ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को हत्या की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस के हाथ-पैर फूल गए। थाना प्रभारी निरीक्षक अमर बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की, तभी मायके पक्ष के करीब 50 लोग महिला की ससुराल पहुंच गए।
प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह और मारपीट से जुड़ा लग रहा है। जांच के दौरान पता चला कि महिला मायके में हैं। बाद में मायके पक्ष व ग्रामीणों को समझाकर शांत करा दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक अमर बहादुर सिंह ने बताया कि हत्या की सूचना फर्जी थी। मामला आपसी विवाद का है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।