संवाद न्यूज एजेंसी
बिधूना। कोतवाली पुलिस गुरुवार को सोशल मीडिया पर शिवलिंग को हटवाए जाने का वीडियाे व फोटो वायरल होने पर आनन-फानन में आदर्श नगर पहुंची। अफवाह फैलाने वाले लोगों से सावधान रहने की नसीहत देते हुए लोगों से वार्ता भी की गई। एक घंटे तक चली इस कार्यवाही के बाद पुलिस वापस लौट गई।
नगर पंचायत बिधूना के मोहल्ला आदर्श नगर सड़क पर रागिनी देवी के गेट के सामने बने शिवलिंग को नगर पंचायत प्रशासन ने 19 सितंबर 2023 को पुलिस बल के साथ हटवाया था। इस मामले में गुरुवार को सोशल मीडिया पर वह फोटो व वीडियो वायरल हुई। शिवलिंग हटाये जाने का मामला कहीं तूल न पकड़ ले, ऐसे में सीओ अशोक कुमार सिंह व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह आदर्श नगर पहुंचे। जानकारी लेकर एक युवक को हिरासत में लिया गया। इस संबंध में कोतवाल सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि लगभग एक माह पूर्व आदर्श नगर मोहल्ला में सड़क पर रागिनी देवी के गेट के सामने एक शिवलिंग बनी थी। जिसे उच्च अधिकारियों के निर्देश पर नगर पंचायत व पुलिस द्वारा हटाया गया था। किसी व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर मंदिर तोड़े जाने की अफवाह गलत फैला दी। ऐसे में माहौल न बिगड़े इसे लेकर लोगों से वार्ता की गई है। शरारती तत्वों को हिदायत भी दी गई है।