औरैया। नकली खाद पकड़े जाने के मामले में कृषि विभाग की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। केस दर्ज होने के बाद अब विवेचक मौके पर जुटाए गए साक्ष्य की रिपोर्ट दर्ज करने में जुट गए हैं।
ये रिपोर्ट दो दिन में तैयार हो जाएगी। बाद में इसे कृषि विभाग की प्रयोगशाला भेजा जाएगा, हालांकि जांच नमूने पहले ही भेजे जा चुके हैं। शहर के जालौन रोड किनारे कोतवाली पुलिस ने जिला कृषि अधिकारी, नायब तहसीलदार की मौजूदगी में एक मकान में छापा डाला था। इस दौरान वहां पर 1000 के करीब नकली डीएपी की बोरियां मिली थीं।
जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा ने खाद के नकली होने की पुष्टि की थी। मौके से एक कार व पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। वहां से औरैया के गोविंद नगर मोहल्ला निवासी शनि चौहान, आर्यनगर निवासी चीनू चौहान, गांव दुर्वाशपुर निवासी सुनील चौहान, दिबियापुर के लोहिया नगर निवासी नीरज चौहान व इटावा के भरथना थाना गांव चलेटी निवासी चरन सिंह गिरफ्तार कर लिया था।
पूछताछ में आरोपियों ने नकली खाद कारोबार करने की बात कबूली। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह बरेली से नकली खाद का मैटेरियल व बोरियां लाते थे। जालौन रोड किनारे होटल एवरग्रीन के पास एक गोदाम में रखते थे। जहां से इस नकली खाद को कार से लेकर घूम-घूमकर किसानों को कम दाम पर बेच रहे थे।
कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच अपराध निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह के पास है। वह घटनास्थल की जांच रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। इसे प्रयोगशाला भेजा जाएगा।