अजीतमल। बाबरपुर-अजीतमल चेयरमैन और सभासदों की बीच रार बढ़ती जा रही है। सभासदों की ओर से प्रधानमंत्री आवास में धांधली की शिकायत करने के बाद अब चेयरमैन ने सभासदों से खतरा बताते हुए शासन में शिकायत की है। जांच आने के बाद सीओ ने सभासदों को बुलाकर उनके बयान लिए हैं। सभासदों ने क्षेत्राधिकारी अजीतमल से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
नगर पंचायत बाबरपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना में अपात्रों को योजना का लाभ दिलाने और धन उगाही की शिकायतें शासन स्तर पर हुई थीं। इसके बाद से ही सभासद और चेयरमैन एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप कर रहे हैं। इधर, मामला बढ़ता देख चेयरमैन रानी पोरवाल ने बीते दिनों मुख्यमंत्री, नगर विकास विभाग के साथ अन्य उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर सभासदों द्वारा कार्य न करने और उनसे जान माल का खतरा होने की शिकायत की थी। दो दिन पहले शासन से आई जांच के बाद सीओ अजीमतल प्रदीप कुमार ने सभासदों को नोटिस भेजकर बयान दर्ज कराने के लिए कहा। मंगलवार को कई सभासद सीओ कार्यालय पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
क्षेत्राधिकारी अजीतमल प्रदीप कुमार ने बताया कि नगर पंचायत की चेयरमैन रानी पोरवाल ने सभासदों से जान-माल की सुरक्षा आदि के संबंध में उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया था। इसकी जांच आई है। सभासदों को स्पष्टीकरण के लिए बुलाया गया था। जांच की जा रही है। वहीं, चेयरमैन राधा पोरवाल व उनके पति मदनलाल पोरवाल ने बताया कि सभासद नगर पंचायत क्षेत्र में हो रहे कार्यों को लेकर झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं। उन्हेें जान-माल का खतरा है। इसकी शिकायत की गई थी।