औरैया महोत्सव में ग्राम्य विकास विभाग के तत्वाधान में मंगलवार को ग्राम प्रधान व राज मिस्त्रियों की कार्यशाला में ग्राम पंचायतों को विकास की धुरी बताते हुए प्रधानों को अपने कार्यों के प्रति जिम्मेदारी का निर्वहन करने की अपील की गई। वहीं भाग्यनगर व सदर विकास खंड क्षेत्र के 100 इंदिरा आवास योजना के संस्तुति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मो. इरशाद ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि गांव के विकास से ही समाज और देश का विकास संभव है। इसलिए पंचायती राज व्यवस्था में ग्राम पंचायतों को और मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
कहा कि मनरेगा योजना गांव के विकास का आधार स्तंभ है। इस योजना के तहत प्राप्त हो रही धनराशि से हम अपने गांव के विकास के लिए देखा गया सपना पूरा कर सकते हैं।
सदर विधायक मदन सिंह गौतम ने प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम पंचायतों में चलाई जा रही विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधान जनहित में संचालित योजनाओं का अंतिम व्यक्ति पहुंचाने का कार्य किया।
परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास विभाग अजय प्रकाश ने ग्रामीण क्षेत्रों में चलाई जा रही शासकीय योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। बताया कि भवन निर्माण में लगे राज मिस्त्रियों के लिए श्रम प्रवर्तन विभाग की ओर से विभिन्न लाभप्रद योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने पंजीकरण कराकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
कार्यशाला में औरैया सदर व भाग्य नगर ब्लाकों के इंदिरा आवासों के लिए 100ै लाभार्थियों को आवंटन पत्र वितरित किए। कार्यशाला को डिप्टी कलेक्टर/प्रभारी डीपीआरओ प्रदीप वर्मा और मनरेगा डिस्ट्रिक कोआर्डिनेटर विद्या सिंह सेंगर ने संबोधित किया। इस मौके पर ग्राम प्रधान व राजमिस्त्री व जल प्रबंध समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।