औरैया। शहर के गोविंद नगर में नाला निर्माण के दौरान पालिका की भूमिगत वाटर सप्लाई पाइप लाइन फट गई। इससे पाइप लाइन का सैकड़ों लीटर पानी बह गया। साथ ही 100 घरों में रहने वाली आबादी दिन भर पानी के लिए परेशान रही।
हालांकि जलकल की टीम क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को दुरुस्त करने में जुटी है। देर शाम तक बाधित जलापूर्ति चालू होने की उम्मीद भी जताई जा रही है। शहर के मोहल्ला गोविंद नगर में गेट के पास रविवार शाम नाला निर्माण के लिए की जा रही खोदाई के दौरान पानी की अंडरग्राउंड पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। ऐसे में गोविंद नगर मोहल्ले के कई घरों में सोमवार को पानी की सप्लाई नहीं पहुंची। शिकायत होने पर पालिका के कर्मचारी हरकत में आए।
पाइपलाइन से सप्लाई का पानी बह निकला। जो नालियों में जाता रहा। लोग इधर उधर से होकर बचकर निकलते रहे। बीच सड़क पर पानी का बहाव होने की वजह से लोगों को आवागमन में भी दिक्कत हुई। पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने बताया कि नाला निर्माण के लिए खोदाई के दौरान पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिसे ठीक कराया जा रहा है। कर्मचारियों को निर्देश दे दिए गए हैं।