फफूंद। कस्बे के लोग अब अपने परिवार के साथ घूमने, बोटिंग करने और पिकनिक का लुत्फ नगर पंचायत में पक्का तालाब पर जाकर उठा सकेंगे।
ये सहूलियत देने के लिए पंचायत ने पक्का तालाब को बतौर पिकनिक स्पॉट विकसित किया है। साथ ही सामने बने पार्क का कायाकल्प कर संडे हाट की भी व्यवस्था की है। गुरुवार को इसका उद्घाटन होगा।
फफूंद कस्बे में नगर पंचायत अध्यक्ष ने पक्का तालाब को पिकनिक स्पॉट बनाने के साथ ही यहां मॉर्निंग वॉक करने वालों के लिए योगा सेंटर भी बनाया है। तालाब के सामने बने नए पार्क को पौधरोपण के साथ संवारा गया है। पार्क की चारदीवारी पर थ्रीडी पेंटिंग कराकर सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है।
यहां हर रविवार को हाट भी लगवाएगी। ताकि वहां आने वाले लोगों को खाने पीने का सामान भी उपलब्ध हो सके। साथ ही बोटिंग के लिए तीन बोट भी तालाब में उतारी जाएंगी। जिनमें मामूली शुल्क देकर लोग बोटिंग का लुत्फ उठा सकेंगे।
नगर पंचायत फफूंद चेयरमैन मोहम्मद अनवर ने बताया कि पानी में तीन पैडल वाली बोट डाली गई हैं। इनमें एक में दो लोग और एक में चार लोग बैठ सकते हैं। लाइफ गार्ड जैकेट की भी व्यवस्था है। तीन स्विमर की भी तैनात रहेंगे।