बिधूना। मानसून के दस्तक देने से पहले नगर पंचायत कस्बे की जलनिकास को दुरुस्त करने में जुट गई है। यहां पर पहले से बने प्रमुख नालों की सफाई कराई जा रही है।
वहीं, जलनिकास के लिए कस्बे में नए दो नालों का भी निर्माण कराया जा रहा है। इनके बनने से यहां के लोगों को जलभराव की समस्या से कुछ हद तक निजात मिल जाएगी।
बारिश के दौरान गांधी नगर, आंबेडकर नगर, जवाहर नगर आदि वार्डों में जलभराव की समस्या होती है। इससे निजात दिलाने के लिए नगर पंचायत ने अछल्दा रोड से भगत सिंह चौराहे तक 37 खंड में व गांधी नगर में लोहिया स्कूल से लेकर दशरथ चौहान के मकान तक नाले का निर्माण शुरू कराया गया है।
वहीं भरथना रोड, दिबियापुर रोड, फीडर रोड व लोहामंडी में नालों की सफाई कराई जा रही है। नगर पंचायत अध्यक्ष आदर्श कुमार मिश्रा ने बताया कि नगर में नाला निर्माण बारिश के पहले पूरा कराया जाएगा। पुराने नालों की सफाई के लिए टीमें लगा दी गईं हैं।