फोटो-01- हादसे में क्षतिग्रस्त पिकअप। स्रोत: पुलिस
अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर शुक्रवार की देर रात लगभग एक बजे इटावा की ओर जा रही पिकअप कौशल फिलिंग स्टेशन के पास खड़े ट्रक से टकरा गई।
हादसे में केबिन के परखच्चे उड़ गए और चालक उसमें फंस गया। एक घंटे की मशक्कत के बाद कटर से केबिन काटकर फंसे चालक को बाहर निकाल कर अस्पताल ले जाया गया।
कानपुर देहात के पुखरायां क्षेत्र के गांव अहरौली शेख निवासी जितेंद्र कुमार (32) शुक्रवार की रात पिकअप लेकर औरैया से इटावा की ओर जा रहा था। रात करीब एक बजे जैसे ही जलूपुर के पास पहुंचा तभी उसकी कौशल फिलिंग स्टेशन के पास पहले से खड़े ट्रक में जा टकराई। तेज आवाज सुनकर आसपास के होटल और पंप के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और हादसे की सूचना पुलिस को दी।
कोतवाली प्रभारी रमेश सिंह पुलिस और दमकल की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हाईवे क्रेन को सूचना दी। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद इलेक्ट्रॉनिक कटर की मदद से केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला गया और चालक को जिला अस्पताल औरैया लाए। जहां डाक्टरों की टीम ने उसका प्राथमिक उपचार किया। कोतवाली प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि घायल चालक का इलाज किया जा रहा।