बिधूना। बेला थाना क्षेत्र के बांधमऊ में दिनदहाड़े एक दुकानदार की जेब काटने की कोशिश की गई। दुकानदार ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो बाइक सवार जेबकतरे उसे करीब 30 मीटर तक घसीट ले गए।
इससे दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया। दावा है कि उसकी जेब में रखे 50 हजार रुपये सड़क पर बिखरते चले गए। दुकानदार को सीएचसी से मेडिकल कॉलेज चिचौली रेफर कर दिया गया।
कुदरकोट थाना क्षेत्र के सुखताल गांव निवासी गंगाचरण ने बताया कि उनकी बांधमऊ में चोकर व साइकिल मरम्मत की दुकान है। सोमवार की सुबह करीब 10ः30 बजे वह 50 हजार रुपये लेकर बिधूना स्थित सेंट्रल बैंक में जमा करने जा रहे थे। तभी दो बाइक सवार युवकों ने बांधमऊ में अछल्दा जाने का रास्ता पूछा और किराया न लगने का लालच देकर अपनी बाइक पर बैठा लिया।
उन्होंने बताया कि बाइक सवार उन्हें लेकर बांधमऊ से बंथरा बाजार होते हुए कीरतपुर के पास ब्रह्मदेव मंदिर के पास पहुंचे। वहां जेबकतरों ने उनकी जेब काटने की कोशिश की।
उसे जैसे ही इसका एहसास हुआ, उन्होंने शोर मचाया और उन्हें पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान आरोपियों ने उन्हें धक्का दे दिया लेकिन वह बाइक पर लटक गए। करीब 30 मीटर तक वह बाइक के साथ घिसटता रहा। इससे गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान जेब में रखे 50 हजार रुपये सड़क पर बिखर गए। आसपास के लोगों ने 5500 रुपये इकट्ठा कर घायल के परिजन को सौंप दिए, जबकि बाकी रुपये गायब हो गए।
कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि जेब काटने की कोशिश की गई है। जेबकतरे मौके से भाग निकले हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की तलाश जारी है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।