लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के बाद पिछले दो रोज से जारी बदली के खेल के बावजूद लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। चिलचिलाती धूप व गर्म लू से लोगों का जीना दूभर हो गया है।
सुबह होते ही सूर्य देवता अपने तेवरों से आमजन को बेहाल करना शुरू कर देते हैं। ऐसे बदली और धूप से शुरू हुए रविवार को पारा 45 के पार होते ही लोग परेशान होकर रह गए।
सुबह बदली से शुरू रविवार को देखकर लोगों ने आज राहत की सांस लेते हुए कम गर्मी की उम्मीद जताई थी, लेकिन आठ बजे आसमान में तपिश के साथ निकले सूर्य देव ने धीरे-धीरे जो पारा बढ़ाना शुरू किया तो दोपहर होते-होते तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया। भीषण गर्मी के चलते सड़कों पर निकले लोग छाया तलाशते दिखे।
चिलचिलाती धूप व लू से सड़कें सन्नाटे में डूब गईं। बुरा हाल उनका भी था, जो घरों में गर्मी से बचने को प्रयासरत थे। जब गर्मी चरम पर थी तो बिजली भी बाय-बाय कर गई। बढ़े तापमान पर आरसीसी व कंकरीट के मकान सुलग कर रह गए और उसमें कैद लोगों का दिन आफत भरा गुजरा।
भीषण गर्मी से बचने के लिए शहरवासी जहां तरह- तरह के उपाय कर रहे हैं। वहीं यह उपाय भी गर्मी के सामने फीके साबित हो रहे हैं।
रोजमर्रा के कार्य करने वाले व्यक्ति मजबूरन घर से बाहर निकलते है, लेकिन गर्मी की तल्ख तेवर उन पर हावी होते दिखाई पड़ रहे हैं। जहां एक ओर भीषण गर्मी का दंश आम आदमी झेल रहा है। वहीं पशु पक्षी भी बेहाल दिखाई पड़ रहे हैं।
तालाबों व नहरों में पानी खत्म हो जाने के कारण पशु- पक्षी पानी के लिए भटकते देखे गए। गर्मी के मौसम में निजी चिकित्सकों की पौ बारह है। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में मरीज निजी अस्पतालों में अपना इलाज करा रहे है।